Breaking News

यूपी में कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्‍ट, 125 में से 50 प्रत्याशी महिलाएं

13 Jan, 2022 859

संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश यूपी विधान सभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की महासचिव और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने प्रमुख कैंडिडेट्स की जानकारी साझा की है। इस लिस्ट में 125 उम्मीदवार हैं, जिसमें 50 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों में महिलाओं के साथ-साथ कुछ पत्रकार और समाज सेवी भी शामिल हैं। उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। नोएडा से पंखुड़ी पाठक को उतारा गया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि सूची नया संदेश दे रही है कि यदि आपके पास अत्याचार हुआ तो आपके पास यह शक्ति है कि आप अपने हक के लिए लड़ो। आपकी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आपका साथ देगी। सत्ता अपने हाथ में लें। हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिए उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें। हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है। सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है। बता दें कि यूपी में कांग्रेस का जनाधार बिल्कुल कमज़ोर है, इसे देखते हुए प्रियंका गांधी पिछले सात महीनों से पार्टी को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय हैं।

अन्य खबरे