Breaking News

यूपी में टिकट न मिलने से नाराज दो बीजेपी नेताओं ने खाया जहर, एक की मौत

17 Apr, 2023 677

संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो नेताओं को टिकट नहीं मिलने से वे इस कदर नाराज़ हुए कि उन्होंने ज़हर खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों नेता शामली और अमरोहा से हैं। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शामली के कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा कांधला में सभासद पद के लिए एक व्यक्ति बीजेपी से टिकट मांग रहा था। लेकिन, पार्टी ने उसे टिकट नहीं दिया। इसके बाद उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम दीपक सैनी (Deepak Saini) है। वहीं, दीपक की मौत से मोहल्ले में मातम फ़ैल गया है। मृतक के घरवाले सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां ने बताया कि इस बार दीपक चुनाव लड़ना चाहता था लेकिन, बीजेपी नेताओं ने टिकट बंटवारे में धांधली की। वहीं, स्थानीय लोगों को ये विश्वास नहीं हो रहा है कि दीपक अब इस दुनिया में नहीं है। मृतक दीपक सैनी वार्ड नंबर 3 नगर पंचायत कांधला से सभासद रह चुका है। मृतक की मां ने बीजेपी के नगर पंचायत और कांधला के प्रत्याशी नरेश सैनी पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि बीजेपी के प्रत्याशी नरेश ने अपने बराबर में ना खड़े होने के कारण बेटे का टिकट कटवा दिया। वहीं, दूसरी घटना अमरोहा की है। भाजपा नेता मुकेश सक्सेना (Mukesh Saxena) मोहल्ला मंडी चौब वार्ड नंबर 27 से टिकट मांग रहा था। दावा किया जा रहा है कि पार्टी से जारी प्रत्याशियों की सूची में उनका नाम शामिल था। लेकिन, पार्टी ने मुकेश सक्सेना को टिकट नहीं दिया। इसके बाद आहत होकर उसने जहर खाकर सुसाइड करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि मुकेश सक्सेना पिछले 12 साल से अमरोहा नगर से बीजेपी का महामंत्री है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मंडी चौब की है।पहले चरण का नामांकन का आज आखिरी दिन है। वहीं, दूसरे चरण के लिए आज से प्रत्याशी अपना पर्चा भरना शुरू कर देंगे। दोनों चरणों के मतों की गिनती 13 मई को की जाएगा। नामांकन केंद्रों के बाहर काफी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है। बता दें कि पहले की अपेक्षा अब टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी के व्यवहार में बहुत बदलाव आया है।

अन्य खबरे