राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद पहला संसदीय सत्र शुरू
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज महामहिम राष्ट्रपति के अभिभाषण से साल 2020 के पहले संसदीय सत्र की शुरुआत हो गई है। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण के साथ होती है। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने उनकी अगवानी की, इस मौके पर उनके साथ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी रहे। बजट सत्र में ही देश का इकोनॉमिक सर्वे यानी आर्थिक सर्वेक्षण टेबल किया जाएगा। इसमें सरकार द्वारा पिछले एक साल में किए गए काम का लेखाजोखा होगा। जानिए साल के पहले सत्र में राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में क्या कहा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को ऐतिहासिक करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि इसने महात्मा गांधी के स्वप्नों को पूरा किया है। उन्होंने सीएए सहित विभिन्न मुद्दों पर हो रहे प्रदर्शनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा से लोकतंत्र कमजोर होता है। राष्ट्रपति ने बजट सत्र के पहले दिन संसद के ऐतिहासिक केन्द्रीय कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संसद ने नयी सरकार के गठन के बाद पहले सात महीनों में कई ऐतिहासिक कानून पारित कर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दशक को भारत का दशक बनाने के लिए मजबूत कदम उठा रही है। सीएए सहित विभिन्न मुद्दों पर देश में चल रहे प्रदर्शनों की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हिंसा से लोकतंत्र कमजोर होता है । उन्होंने कहा कि देश के लोग खुश हैं कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख को सात दशक बाद देश के बाकी हिस्सों के बराबर अधिकार मिले । कोविंद ने संशोधित नागरिकता कानून को ऐतिहासिक करार देते हुए इसकी सराहना की।