साध्वी प्रज्ञा को बीजेपी ने किया खामोश
30 Aug, 2019
1148
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अपने विवादित बयानों से अपनी पार्टी की किरकिरी करनेवाली साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से बीजेपी खासी नाराज़ है और यही कारण है कि साध्वी को पार्टी ने खामोश कर दिया है. गौरतलब है कि हाल ही में साध्वी ने कहा था कि बीजेपी नेताओं के मौत के पीछे विपक्ष की मारक शक्ति है. भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के निधन के बाद भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अजीबो-गरीब बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि विपक्ष बीजेपी नेताओं पर मारक शक्ति का इस्तेमाल कर रहा है. उनके इस बयान के बाद बीजेपी बैकफुट पर आ गई थी. वहीं अब केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से साध्वी प्रज्ञा को नसीहत दी गई है. बीजेपी की तरफ से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बेवजह की बयानबाजी और विवादित बयान देने से बचने को कहा गया है. बीजेपी की तरफ से आगे इस तरह के बयान ना दोहराने की हिदायत भी दी गई है. दरअसल, मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर शुरुआत से ही अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रही हैं. इस कारण कई बार पार्टी की फजीहत हुई है. पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी आदि बीजेपी के दिग्गज नेताओं का हाल में निधन हो गया है. इसे लेकर ही साध्वी प्रज्ञा ने विपक्ष द्वारा मारक शक्ति के इस्तेमाल का आरोप लगाया था.