सीएम चौहान ने प्रियंका को लॉकडाउन में एमपी बुलाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में विरोध करना हमारे देश की परंपरा सी है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें व्यवस्थाएं देखने और सीखने के लिए मध्यप्रदेश आने का न्यौता दिया है। मुख्यमंत्री चौहान ने उनसे मजदूरों को राजनीति का मोहरा न बनाने का आग्रह किया है। कांग्रेस द्वारा प्रवासी मजदूरों के परिवहन के लिए एक हजार बसों को उत्तरप्रदेश भेजे जाने तथा इन बसों को कथित रूप से योगी सरकार द्वारा रोके जाने का मुद्दा राजनीति में गर्माया हुआ है। इस संबंध में प्रियंका गांधी द्वारा दिये गए बयान के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्विटर के जरिए प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा है कि प्रियंका जी, संकट की इस घड़ी में अपनी निकृष्टतम राजनीति के लिए मजदूरों को मोहरा मत बनाइए। उनकी हाय लगेगी। उनके साथ-साथ यह देश और दुनिया भी आपकी कथनी और करनी में अंतर को साफ-साफ देख रही है। छल नहीं, सेवा कीजिए, यही सच्ची राजनीति है। अपने और दूसरे राज्यों के श्रमिक भाइयों को उनके घरों एवं राज्यों तक पहुंचवाने के लिए हम एक हजार से अधिक बसें रोज चलवा रहे हैं। देश के दूसरे राज्यों में फंसे अपने 4.5 लाख मजदूर भाई-बहनों को अब तक ट्रेनों और बसों से हम उन्हें उनके घर पहुंचवा चुके हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट में लिखा है कि प्रियंका जी, अगर आपको सच में श्रमिकों की मदद करनी है, तो मध्यप्रदेश आइए। हमारे यहां की व्यवस्थाएं देखिए, सीखिए, उससे आपको मदद मिलेगी। मध्य प्रदेश की धरती पर आपको कोई मजदूर भूखा, प्यासा और पैदल चलता हुआ नहीं मिलेगा। हमने कारगर इंतजाम किए हैं।इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ट्वीट पर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने पलटवार किया है। मध्यप्रदेश के हर हाई-वे पर पैदल चलते लोग, भोपाल समेत सभी शहरों से हजारों की संख्या में पलायन करते लोग और हर गली- हर मोहल्ले में आपके ख़िलाफ़ प्रदर्शन करते लोग सच बता रहे हैं। समाजसेवियों ने रास्ते में जो कुछ मदद पहुंचाई है, उसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।