Breaking News

मुंबई से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट फ्लाइट शिफ्टिंग पर लगा ब्रेक

07 Oct, 2026 26

मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थानांतरित करने की योजना फिलहाल टाल दी गई है। नागर विमानन मंत्रालय ने अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड से कहा इस मामले में सभी संबंधित पक्षों के साथ आगे चर्चा होने तक उड़ानों की शिफ्टिंग को लेकर कोई अंतिम निर्णय न लिया जाए। इससे उन एयरलाइंस को फिलहाल राहत मिली है, जिन्हें 25 अक्टूबर से मुंबई एयरपोर्ट से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करने या कुछ उड़ानें बंद करने के लिए कहा गया था।

एएएचअल ने एयरलाइंस को प्रस्ताव दिया था कि 25 अक्टूबर तक मुंबई एयरपोर्ट से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में करीब 33 प्रतिशत तक कमी की जाए। इसके तहत कुछ उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने या मौजूदा परिचालन में बदलाव करने की योजना थी। एयरलाइंस ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि इतने बड़े स्तर पर उड़ानों के पुनर्विन्यास से यात्रियों और एयरलाइन परिचालन पर असर पड़ सकता है।

एयरलाइंस की आपत्तियों के बाद नागर विमानन मंत्रालय ने सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में एयरलाइंस, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड, फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस, इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के प्रस्तावित नवीनीकरण और इसके चलते उड़ानों के संभावित पुनर्विन्यास पर विस्तार से चर्चा हुई। मुंबई और नवी मुंबई दोनों एयरपोर्ट का संचालन एएएचएल के पास है। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के नवीनीकरण को देखते हुए परिचालन का कुछ हिस्सा नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई थी।

हालांकि, एयरलाइंस की आपत्तियों के बाद मंत्रालय ने स्पष्ट संकेत दिया है कि उड़ानों को एक एयरपोर्ट से दूसरे एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने से पहले सभी संबंधित पक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद ही संचालन की नई व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।

फिलहाल एयरलाइंस को 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में प्रस्तावित 33 प्रतिशत कटौती के संबंध में तत्काल बदलाव करने से राहत मिली है। यानी अभी मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन में प्रस्तावित कटौती या उन्हें नवी मुंबई स्थानांतरित करने की योजना पर अमल नहीं होगा।

आने वाले दिनों में मंत्रालय, एयरलाइंस और एयरपोर्ट संचालक के बीच होने वाली बैठकों के बाद मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच उड़ानों के पुनर्विन्यास को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। टर्मिनल-1 के नवीनीकरण और दोनों एयरपोर्ट के बीच परिचालन संतुलन को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

अन्य खबरे