Breaking News

सुखबीर सिंह बादल की गाड़ी पर हमला

02 Feb, 2021 1931

संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में विरोध अगर सभ्य तरीके के किया जाए तो किसी को ज्यादा आपत्ति नहीं होती है. मगर कई बार राजनीतिक प्रतिद्वंदता घातक साबित होती है. पंजाब के जलालाबाद में अकाली दल के नेता सुखबीर बादल की गाड़ी पर हमला हुआ है। हमले के दौरान कई राउंड गोलियां भी चलीं। अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे कांग्रेसियों का हाथ है। बताया जा रहा है कि हमले के वक्‍त अकाली और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हमले में ईंट पत्‍थर चलने की भी खबर है। जलालाबाद में नगर काउंसिल का चुनाव हो रहा है। कल ही आप और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। सुखबीर सिंह बादल अकाली दल के प्रत्याशी के नामांकन में पहुंचे थे। जिस वक्‍त सुखबीर सिंह का काफिला जलालाबाद पहुंचा वहां हंगामा शुरू हो गया। लोग बैरेकेडिंग तोड़कर एकत्र होने लगे, जिसके बाद वहां जमकर पत्‍थरबाजी हुई और कई राउंड गोलियां भी चली। साथ ही सुखबीर सिंह की गाड़ी पर पत्‍थर फेंके गए। लेकिन गनीमत ये रही कि हमले के वक्त सुखबीर सिंह बादल गाड़ी में मौजूद नहीं थे। एक पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ था। “हम घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगा रहे हैं। एसएसपी फाजिल्का हरजीत सिंह ने पुष्टि की कि घटना में चार लोग घायल हुए हैं, उनकी पहचान और किस पार्टी से उनका संबंध है इसकी जांच की जा रही है। अकाली दल ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा की है। साथ ही हाई कोर्ट के जस्टिस की अगुवाई में हमले की जांच की मांग की है। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्‍तीफे की भी मांग की है। बता दें कि एक बड़ा हादसा होने से बच गया.

अन्य खबरे