Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी की सुरक्षा की मांग वाली याचिका पर किया सुनवाई से इनकार

06 Sep, 2021 788

संवाददाता/in24 न्यूज़।
उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को सुप्रीम कोर्ट ने झटका दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी की कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी की पत्नी को हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट से इस मामले में तेज़ी से सुनवाई करने को कहा है। दरअसल मुख्तार अंसारी की पत्नी ने बाहुबली विधायक की जान को खतरा बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्तार के पक्ष में पेश हुए वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मुख्तार अंसारी को पंजाब जेल से उत्तर प्रदेश की जेल में ट्रांसफर किया गया था। मुख्तार अंसारी की जान को खतरा है, वहां के नेता भी अपराधियों को गोली मारने की बात करते हैं। वहीं, मुख्तार अंसारी की पत्नी और बेटे ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसां अंसारी और बेटे उमर अंसारी उनकी सुरक्षा को लेकर एमपी एमएलए की स्पेशल कोर्ट में भी याचिका दायर की है। इस याचिका में कहा गया है कि जेल के अंदर मुख्तार अंसारी की जान को खतरा है। साथ ही जेल में मानसिक उत्पीड़न का आरोप भी लगाया गया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सरकार ने मुहीम छेड़ रखी है।

अन्य खबरे