Breaking News

सोनाली फोगाट को सिंथेटिक ड्रग्स दिया गया था : गोवा पुलिस

26 Aug, 2022 618

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दिवंगत सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कथित हत्या के सिलसिले में उनके दो सहयोगियों से गोवा पुलिस ने रात भर पूछताछ की। इस दौरान खुलासा हुआ है कि सोनाली फोगाट को सिंथेटिक ड्रग्स दिया गया था। गोवा पुलिस ने बताया कि सामने आया है कि सोनाली को जबरन ड्रग्स दिया गया था। सोनाली के पीए सुधीर सांगवान और दोस्त सुखविंदर वासी ने पूछताछ में सोनाली को जबरन ड्रग्स देने की बात कबूल भी की है। गोवा के आईजी ओमवीर सिंह बिश्नोई ने कहा कि सोनाली के पोस्टमार्टम के बाद हमने पूरे मामले की जांच शुरू की है। आईजी ओमवीर सिंह बिश्नोई ने कहा कि सोनाली फोगाट के भाई की शिकायत के बाद हमने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था और हमने सभी के बयान लिए और उन जगहों का दौरा किया जहां वे गए थे, आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया, पूछताछ में हमने पाया कि सोनाली फोगाट को जबरदस्ती कोई न कोई पदार्थ दिया गया था। गोवा पुलिस के आईजी ओमवीर सिंह ने कहा कि सोनाली फोगाट को जबरदस्ती ड्रग पिलाया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई, सुबह साढ़े चार बजे जब वह कंट्रोल में नहीं थी तो आरोपी उसे शौचालय में ले गया, दो घंटे तक उन्होंने क्या किया? इसका आरोपियों ने जवाब नहीं दिया, हमने सारे सीसीटीवी फुटेज देखे और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईजी ओमवीर सिंह ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें फॉरेंसिक टीम के साथ मौका-ए-वारदात में ले जाया जा रहा है, हमें लगता है कि जो ड्रग उन्हें जबरदस्ती पिलाया गया था, उससे ही उनकी मौत हुई है, उस पार्टी में दो और लड़कियां भी थीं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। बता दें कि सोनाली फोगाट के निधन के बारे में पहले यह कहा गया था कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई, मगर अब गोवा पुलिस ने साफ़ कर दिया है कि उनकी मौत के पीछे साजिश है।

अन्य खबरे