Breaking News

यात्री विमान में एक साथ नजर आए राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा

03 Apr, 2023 731
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/मुंबई    

 

गुजरात की सूरत सेशंस कोर्ट से मानहानि मामले में मिली दो साल की सजा को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ऊपरी अदालत में चुनौती देंगे. वह सूरत के मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश होंगे और इस सजा को खत्म करने की अपील करेंगे. सूरत जाने के लिए राहुल दिल्ली में अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ एक प्लेन में सवार हुए. खास बात यह है कि इस बार राहुल गांधी किसी प्राइवेट जेट में नहीं बल्कि एक यात्री विमान में सवार हुए, जिसमें उनके साथ आम लोग भी सवार थे. कांग्रेस के दोनों नेता विमान की अगली सीटों पर बैठे नजर आए. राहुल गांधी इस दौरान सफेद टी-शर्ट और प्रियंका गांधी काले लिबास में नजर आईं. 

    दरअसल गुजरात सेशंस कोर्ट ने 2019 के मानहानि मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई है. कर्नाटक में हुए चुनाव-प्रचार के दौरान उन्होंने मोदी सरनेम को लेकर बयान दिया था. उनके इस बयान के खिलाफ बीजेपी विधायक और तत्कालीन मंत्री पूर्णेश मोदी ने मानहानि का केस दर्ज करवाया था. सूरत की सेशंस कोर्ट से दो साल की सजा होने पर राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए दिए गए और उनकी संसद की सदस्यता भी चली गई. समझा जाता है कि राहुल गांधी कोर्ट से अपनी सजा खत्म करने की मांग करेंगे. कांग्रेस नेता की अपील पर कोर्ट में आज ही सुनवाई हो सकती है. सूरत के लिए राहुल के रवाना होने से पहले उनकी मां सोनिया गांधी उनके आवास पहुंचीं और उनसे मुलाकात की. सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि कोर्ट में राहुल की पेशी के दौरान कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री उनके साथ एकजुटता जाहिर करेंगे और उनके साथ रहेंगे. कोर्ट में पेशी के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल राहुल के साथ नजर आ सकते हैं. सूरत में राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए. शहर में कई जगह राहुल के समर्थन में पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए. कांग्रेस की इस एकजुटता पर बीजेपी नेता एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने निशाना साधा. संबित पात्रा ने कहा कि इसके जरिए कांग्रेस न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है. बहरहाल राहुल गांधी की मुश्किलें इतनी जल्दी समाप्त होती नहीं दिखाई देती चूंकि उनके खिलाफ सत्ता पक्ष की कोशिशें लगातार जारी है. ऐसे में यदि राहुल गांधी ने आवेश या उत्तेजना में आकर कोई विवादित टिप्पणी कर दी तो सत्ता पक्ष की तरफ से  चौतरफा घेराबंदी हो सकती है, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता.     

अन्य खबरे