Breaking News

600 करोड़ में चंद्रयान भी चांद पर पहुंच गया लेकिन... मुंबई-गोवा हाइवे निर्माण कार्य में देरी पर राज ठाकरे का तंज

28 Aug, 2023 438

संवाददाता/in24न्यूज 

मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई-गोवा हाइवे का काम पूरा नहीं होने पर राज्य सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने चंद्रयान का उदाहरण देते हुए सरकार पर हमला बोला है. राज ठाकरे ने कहा कि 600 करोड़ में चंद्रयान-3 चंद्रमा पर पहुंच गया लेकिन 12 साल में मुंबई-गोवा महामार्ग तैयार नहीं हो पाया जिसपर 15 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं. दरअसल, मुंबई-गोवा महामार्ग के अधूरे काम को लेकर राज ठाकरे की पार्टी ने रविवार को कोकण क्षेत्र में पदयात्रा का आयोजन किया था. रायगढ़ और रत्नागिरी के कई इलाकों में अमित ठाकरे और बाला नंदगावकर के नेतृत्व के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस पदयात्रा में शामिल हुए थे. राज ठाकरे ने पदयात्रा के समापन पर महाराष्ट्र के कोलार में सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने सरकार पर बरसते हुए कहा कि 600 करोड़ में चंद्रयान 3 चंद्रमा पर पहुंच गया और 15 हजार करोड़ खर्च करके अभी तक मुंबई गोवा महामार्ग नहीं बना. ये सोचने वाली बात है. जो लोग जनता को लूट रहे हैं उन्हीं को हम सत्ता दे रहे हैं. इस विषय पर विचार करें. मनसे ने मुंबई गोवा महामार्ग के बनने में देरी को लेकर अपना आक्रामक रुख अपनाया है. इस मुद्दे पर लगातार राज ठाकरे सरकार को आड़े हाथ ले रहे हैं. बता दें कि पिछले 12 साल से मुंबई गोवा महामार्ग को बनाने का काम किया जा रहा है लेकिन अभी तक वो बनकर तैयार नहीं हुआ. उसका काम अधूरा है. 

अन्य खबरे