विमान हादसे पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, किसका माँगा इस्तीफा ?
अहमदाबाद में हाल ही में हुए दिल दहला देने वाले विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में 250 से अधिक लोगों की मौत हुई है, और जांच अभी भी जारी है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। हालांकि उन्होंने किसी मंत्री या घटना का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान से साफ है कि उन्होंने विमानन मंत्री के इस्तीफे की मांग इशारों में की है।
अखिलेश यादव का निशाना
सपा अध्यक्ष ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा:
"बीजेपी के आने के बाद से नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे देने का चलन खत्म हो गया है। ये बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी हार है कि सैकड़ों लोगों की मृत्यु पर कोई उन भाजपाइयों से इस्तीफा भी नहीं माँगता है, जो सीधे-सीधे इसके लिए उत्तरदायी हैं। इसका साफ मतलब ये निकलता है कि जनता को बीजेपी से किसी भी प्रकार की कोई उम्मीद नहीं बची है। निंदनीय!"
इस बयान को अहमदाबाद हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसे लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है।
हादसे की जांच और मृतकों की पहचान
बता दें कि 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो लंदन जा रही थी, गुजरात के अहमदाबाद में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रैश हो गई थी। विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे में एक यात्री को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो गई, जबकि जमीन पर मौजूद 29 अन्य लोग भी मारे गए।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में मारे गए 190 लोगों की पहचान डीएनए मिलान के जरिए कर ली गई है, जिनमें से 159 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। कई शव इतनी बुरी तरह जल चुके थे कि उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के बिना संभव नहीं थी।
विपक्ष का दबाव बढ़ा
यह हादसा सिर्फ एक तकनीकी चूक नहीं, बल्कि सरकार की ज़िम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी केंद्र सरकार की ओर से कोई मंत्री नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दे रहा है।
अब देखना यह होगा कि इस राजनीतिक दबाव के बीच केंद्र सरकार और विमानन मंत्रालय की अगली प्रतिक्रिया क्या होगी।