Breaking News

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच से बाहर हुए बटलर

08 Sep, 2020 927

संवाददाता/in24 न्यूज़.
बटलर के प्रशंसकों के लिए बुरी खबर है कि वे अब मैदान में बल्ला घुमाते एक खास मैच में नहीं देख पाएंगे। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को उक्त जानकारी दी। ईसीबी ने एक बयान में कहा कि अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए बटलर बायो-सिक्योर बबल से बाहर निकल गए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाएंगे। बयान में कहा गया कि बटलर शुक्रवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले पहले एकदिनी मैच से पूर्व गुरुवार को जैव सुरक्षित वातावरण में वापस आ जाएंगे लेकिन इससे पहले उनके टेस्ट होंगे। टी-20 श्रृंखला के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की एकदिनी श्रृंखला के लिए मैनचेस्टर जाएंगी। बटलर का टी-20 श्रृंखला में प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। उन्होंने दो मैचों में 121 रन बनाए। बटलर की गैर मौजूदगी में टॉम बैंटन पारी की शुरुआत करेंगे। इंग्लैंड तीन मैचों की श्रृंखला में अभी 2-0 से आगे है। बटलर ने पहले मैच में 44 रन बनाए थे और रविवार को दूसरे मैच में 77 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को श्रृंखला जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बहरहाल बटलर के इस फैसले से भले ही उनके परिवार ने राहत की सांस ली है, पर उनके प्रशंसक ज़रूर आहत हुए हैं.

अन्य खबरे