Breaking News

फांसी पर लटका पूर्व क्रिकेटर

11 Oct, 2020 832

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आईपीएल 2020 के बीच एक बुरी खबर है कि एक पूर्व क्रिकेटर ने अपनी जान दे दी. पूर्व रेलवे और केरल के 47 वर्षीय लेफ्ट आर्म स्पिनर मणि सुरेश कुमार अपने केरल के अलाप्पुझा में घर की छत से फंदे से लटके पाए गए। वह भारत के पूर्व अंडर-19 'टेस्ट' टीम में राहुल द्रविड़ के साथी रह चुके हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है। जानकारी के अनुसार, सुरेश की पत्नी और बेटे ने शुक्रवार शाम को उन्हें अपने बेडरूम के अंदर लटका पाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। केरल के एक पूर्व खिलाड़ी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे अच्छे क्रिकेटर थे। उनकी समस्या यह थी कि वह शराब के आदी थे। वह झगड़ा भी करते थे, हालांकि उनकी आर्थिक स्थिति स्थिर थी। यह आत्महत्या का मामला लगता है। सुरेश ने 1991-92 और 2005-06 के बीच 72 फर्स्ट क्लास मैच खेले और 27.77 के औसत से 196 विकेट हासिल किए और साथ ही 1,657 रन बनाए, जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल थे। दक्षिणी रेलवे के एक अधिकारी सुरेश ने पहली बार 1991-92 में रणजी ट्रॉफी में केरल का प्रतिनिधित्व किया और फिर रेलवे में चले गए, जिसमें वह साल 1995-96 में कार्यरत थे। इसके बाद 1999-2000 से 2005-06 में अपने रणजी करियर के अंत तक उन्होंने फिर से केरल का प्रतिनिधित्व किया।रणजी ट्रॉफी खेलने के अलावा, सुरेश ने दक्षिण क्षेत्र और मध्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दिलीप ट्रॉफी भी खेली। स्थानीय पुलिस के मुताबिक़ प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है. बता दें कि इस मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.

अन्य खबरे