Breaking News

केन्या के पूर्व पीएम ने की 'आयुर्वेद' की प्रशंसा, बेटी की खोई आंख की रोशनी वापस आई

14 Feb, 2022 816
संवाददाता/ in24 न्यूज़
भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति 'आयुर्वेद' ने एक बार फिर से अपना लोहा मनवाया है. ऐसा नहीं है कि कोई भारतीय आयुर्वेद को लेकर गुणगान कर रहा हो, बल्कि हम जिसकी बात कर रहे हैं वे अफ्रीकी देश केन्या के पूर्व पीएम (Former Kenya PM) रैला ओडिंगा (Raila Amolo Odinga) हैं, जिन्होंने दिल खोल कर 'आयुर्वेद' की प्रशंसा की है. ऐसा नहीं है कि रैला ओडिंगा भारत को खुश करने या फिर राजनयिक संबंध स्थापित करने के लिए ऐसा कर रहे हैं, बल्कि उन्हें आयुर्वेद ने वह दिया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना तक नहीं की थी. भारतीय आयुर्वेदिक इलाज ने अफ्रीकी देश केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा की बेटी की आंखों की रोशनी लौटा दी है। यह दावा खुद केन्या के पूर्व पीएम ने किया है।
दरअसल, पूर्व पीएम की बेटी की आँख में कुछ गड़बड़ी हो गयी थी, वह देख नहीं पा रही थी। ओडिंगा ने अपनी बेटी का इलाज कई देशों में बड़े बड़े डॉक्टरों से कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा था. यही नहीं पीड़िता के आंख की रोशनी भी लगातार कम हो रही थी. इसके बाद ओडिंगा ने भारत के केरल में (Government ayurvedic hospital in kerala) आयुर्वेदिक दवाओं सेअपनी बेटी का उपचार कराना शुरू किया और इसके बाद तो जैसे चमत्कार हो गया। पूर्व पीएम रैला ओडिंगा (Raila Amolo Odinga) की बेटी की आंखों की रोशनी लौट आई है।
इस बारे में रैला ओडिंगा ने कहा कि मैं अपनी बेटी की आंखों का इलाज करवाने के लिए केरल के कोच्चि आया था। 3 सप्ताह के इलाज के बाद उसकी आंखों की रोशनी में काफी सुधार हुआ है। रैला ओडिंगा ने कहा कि ये मेरे परिवार के लिए एक बड़ा आश्चर्य था कि हमारी बेटी इलाज के बाद लगभग सबकुछ देख सकती है। ये किसी चमत्कार से कम नहीं है।
भारतीय आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्दति की प्रशंसा करते हुए रैला ओडिंगा ने कहा कि इन पारंपरिक दवाओं के इस्तेमाल से आखिरकार उसकी आंखों की रोशनी वापस आ गई। उन्होंने कहा कि इससे हमें काफी आत्मविश्वास मिला। रैला ओडिंगा ने कहा कि मैंने इस उपचार पद्दति को अफ्रीका में लाने और चिकित्सा के लिए इन पौधों के इस्तेमाल करने के लिए पीएम मोदी के साथ चर्चा की। बीते 2 सालों में प्रधानमंत्री मोदी दुनियाभर में अपने सार्वजनिक संबोधनों में भारतीय आयुर्वेद के बारे में बताते आए हैं। आयुर्वेद चिकित्सा पद्दति की वकालत करते आये हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला अमोलो ओडिंगा से मुलाकात की और भारत-केन्या संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि निजी यात्रा पर भारत आए ओडिंगा ने मोदी से मुलाकात की, जिन्होंने लगभग साढ़े तीन साल बाद केन्याई नेता से मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

अन्य खबरे