एटा में एक ही मकान से मिले 5 लोगों के शव
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश के एटा में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मकान में पाए गये हैं। इनमे दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। लाॉकडाउन के दौरान इस घटना ने पुलिस महकमे को हैरान कर दिया है। पुलिस ने मकान का गेट तोड़ कर सभी लाशों को बाहर निकाला है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ही मकान में पांच लोगों के शव पड़े हैं। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद मकान से इन सभी शवों को बाहर निकाला है। घटना को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक शहर के श्रृंगार नगर में राजेश्वर प्रसाद पचौरी का आवास है । इसी आवास से शनिवार को राजेश्वर प्रसाद पचौरी समेत पांच लोगों के शव मिले हैं। राजेश्वर प्रसाद पचौरी पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी थे। अन्य मरने वालों में उनकी पुत्रवधू , पुत्रवधू की बहन के अलावा दो बेटे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक राजेश्वर पचौरी का बेटा उत्तराखंड में काम करता है, जो फिलहाल घर पर नहीं था। मौके पर फॉरेन्सिक विभाग और डॉग स्क्वायड की टीमें तफ्तीश कर रही हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस खुल कर कुछ भी नहीं कह पा रही है। इन मौतों के पीछे का कारण हत्या है या फिर हादसा इस बारे में पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ये घटना तब हुई है जब देश भर में लॉकडाउन लगा हुआ है। इन पांचों मौतों के पीछे क्या वजह रही है ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा।