Breaking News

एनआईए की कस्टडी में तीन अप्रैल तक आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे

25 Mar, 2021 2193
ब्यूरो रिपोर्ट/in24 न्यूज़/मुंबई
 
मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के बाहर मिले विस्फोटक मामले में गिरफ्तार असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे को विशेष अदालत ने तीन अप्रैल तक एनआईए की कस्टडी में भेज दिया है. सुनवाई में दौरान अदालत में आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वाजे ने खुद को लेकर एक बड़ा दावा किया. कोर्ट से उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में बलि का बकरा बनाया जा रहा है. सचिन वाजे ने पूछताछ के दौरान एनआईए अधिकारियों को बताया कि उसने एंटीलिया आवास के बाहर विस्फोटक इसलिए लगाए ताकि वह इस केस को सुलझा कर मुंबई में सुपर कॉप बन सके.
 
        मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने पहले सर्वोच्च न्यायपालिका में एक जनहित याचिका दायर कर महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की, लेकिन सर्वोच्च न्यायपालिका ने उन्हें पहले बॉम्बे हाई कोर्ट जाने की हिदायत दी. गुरुवार को परमबीर सिंह ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका लगाई जिसे कोर्ट ने एडमिट कर लिया. परमबीर ने अपनी याचिका में दावा किया है कि देशमुख ने पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से बार और रेस्तरां से 100 करोड़ रुपए मासिक वसूलने को कहा था. इसके साथ ही परमबीर सिंह का यह भी दावा है कि इस साल फरवरी महीने में गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अपने आवास पर सचिन वाजे समेत मुंबई पुलिस के कई अधिकारियों के साथ मुलाकात की. अपनी याचिका में आईपीएस अधिकारी ने यह भी दावा किया है कि गृह मंत्री के आवास पर पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठकों में गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मुंबई के विभिन्न प्रतिष्ठानों से हर महीने 100 करोड़ रुपए वसूलने का निर्देश दिया था. मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर का आरोप है कि अनिल देशमुख नियमित रूप से मुंबई पुलिस के कामकाज में हस्तक्षेप करते थे और अपने पद का दुरुपयोग करते थे. कुल मिलाकर परमबीर सिंह ने बॉम्बे हाई कोर्ट से अनुरोध किया है कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख के आचरण को देखते हुए इस गंभीर मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराई जाए. इस पूरे मामले को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में गहमागहमी मची हुई है. बीजेपी को तो मानो बैठे बिठाए कोई मुद्दा हाथ लग गया हो जिसे वो किसी कीमत पर छोड़ना नहीं चाहती.
 
 

अन्य खबरे