खिला पिलाकर प्रवासी मजदूर की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शराब पिलाने और खाना खिलाने के बाद एक लड़की के चक्कर में एक प्रवासी मजदूर की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मामला हादसे का नजर आए इसलिए आरोपियों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया। दूसरा सहयोगी जान बचाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। उस पर भी आरोपियों ने हमला किया था। इसी वजह से वह भी जख्मी बताया जा रहा है। अंबाला सदर पुलिस ने ईंट भट्ठे पर काम करने वाले कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। बिहार के नालंदा जिले के बराकल गांव के रहने वाले उमेश मांझी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंजाब के राजगढ़ भट्ठे पर काम करता है। उसका परिवार भी यहीं रहता है। रिश्ते में उसका भांजा लगने वाला विनोद कुमार उर्फ बोधा भी यहीं परिवार के साथ भट्ठे पर काम करता है। उमेश ने बताया कि भाई रविंद्र मांझी पानीपत के इसराना में भट्ठे पर काम करता था। उसका परिवार भी वहीं रहता है। 18 जून को रविंद्र उसे मिलने आया था। 19 जून शाम को विनोद उर्फ बोधा उसे किसी जानकार से मिलने के लिए यहां मानकपुर गांव में ले आया था। बोधा का कोई जानकार मानकपुर भट्ठे काम करता है। उसने बताया कि 20 जून को जब सुबह उसका लड़का कुंदन मांझी दूसरा भांजा मंगल मांझी और अजय ईंटों की ट्रॉली लेकर डंगडेहरी जा रहे थे तो डडियाना-लोहगढ़ कट पर उन्हें रविंद्र मांझी की लाश पड़ी मिली। लाश सड़क के किनारे में पड़ी थी। पहचान के बाद बेटे कुंदन ने उसे फोन कर सारी बात बताई थी। तब रविंद्र के सिर, मुंह और बाजू पर चोटों के गंभीर जख्म थे। तब तक विनोद का कहीं पता नहीं चल पाया था। मगर कुछ देर बाद वह राजगढ़ भट्ठे पर पहुंच गया था। उसके शरीर पर भी गहरी चोटों के निशान थे। पूछताछ में विनोद ने बताया कि वह रविंद्र के साथ मानकपुर भट्ठे पर जमाही से मिलने गए थे। यहां पर उन्होंने शराब पी ली थी । उसके बाद रात 9-10 बजे अर्जुन मुंशी व अजीत मांझी और अन्य ने मिलनकर उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दोनों पर लाठी व डंडों से हमला किया था। जब वह बेहोश होकर वहीं गिर गया तो हमलावरों ने रविंद्र पर कई वार किए। किसी तरह वह जान बचाकर मौके से भाग निकला। फिर पैदल ही राजगढ़ पहुंच गया। बताते हैं कि विनोद की जमाही की लड़की के साथ दोस्ती थी। इसी वजह से अक्सर विनोद मानकपुर आता रहता था। यहां आने के बाद विनोद और रविंद्र ने शराब पीने के बाद जमाही के घर पर खाना खाया था। जब रात को वे सो गए तो रंजिश की वजह से उन पर हमला किया गया। इसके बाद रवद्रिं की की लाश को हादसा दिखाने के लिए उसे सड़क पर फेंक दिया गया। फिलहाल आगे की जांच में पुलिस जुटी हुई है।