गुजरात में बड़ा हादसा, दो बच्चों सहित आठ लोगों की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़।
गुजरात के अमरेली जिले में बीती रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई जख्मी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक देर रात जिले के एक गांव में बेकाबू क्रेन झोपड़ी में घुस गया, जिसकी चपेट में आने से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों और घायलों को सिविल अस्पताल भेजा गया है। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया और ट्रक को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि ड्राइवर कहीं शराब पीकर तो ट्रक नहीं चला रहा था, जिसकी वजह से यह भीषण हादसा हुआ है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि बधादा गांव में देर रात करीब ढाई बजे क्रेन के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक झोपड़ी में घुस जाने से उसकी चपेट में आकर आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय झोपड़ी में मौजूद सभी लोग सो रहे थे। अमरेली के पुलिस अधीक्षक निर्लिप्त राय ने बताया मृतकों में आठ और 13 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। बधादा गांव में हुए हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। वाहन चलाते समय झपकी आने से क्रेन चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था और क्रेन सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसा, जिसमें 10 लोग सो रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अमरेली जिले के सावरकुंडला के बधादा गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे से दुखी हूं। हादसे के शिकार लोगों को तत्काल और उचित मदद मुहैया कराने के सभी निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। राज्य सरकार दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को 4 लाख रुपये की सहायता प्रदान करेगी। कलेक्टर अमरेली को तत्काल पूरी घटना की जांच कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।