गैंगरेप की शिकायत लेकर महिला पुलिस स्टेशन पहुंची तो वहां भी हुआ रेप
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जब रक्षक ही भक्षक हो जाता है तब सारी स्थितियां बिगड़ जाती हैं. पुलिस के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचने के बाद उसके साथ जो हुआ इसकी कल्पना उसने नहीं की होगी. बता दें कि एक महिला के साथ पांच लोगों ने गैंगरेप किया। पीड़ित महिला ने जब इस मामले की शिकायत पुलिस के पास की तो वहां से न्याय मिलने की जगह उसे और दर्द मिला। पीड़िता ने दावा किया कि जब वह पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराने गई तो वहां भी एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने उसके साथ रेप किया। महिला की शिकायत पर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घटना उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की है। महिला ने बताया कि 30 नंवबर को जब वह मामले की शिकायत करने के लिए जलालाबाद पुलिस स्टेशन गई तो सब-इंस्पेक्टर उसे शिकायत दर्ज कराने के बहाने बगल के कमरे में ले गया और वहां उसका यौन उत्पीड़न किया। बरेली के एडीजी अविनाश चंद्र ने महिला की शिकायत पर जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं एसपी (सिटी) संजय कुमार ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और पुलिस इसकी जांच कर रही है। महिला जो कि विधवा है, उसने कहा कि 30 नवंबर को पांचों आरोपियों ने मुझे जबरन कार के अंदर खींच लिया और मुझे पास के एक खेत में लेकर गए। वहां मेरे साथ पांचों ने दुष्कर्म किया। मैं तुरंत भागकर जलालाबाद पुलिस थाने में गई। वहां सब-इंस्पेक्टर ने भी मेरे साथ दुष्कर्म किया। उसने आगे कहा कि जब स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया, तो उसने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। वह एडीजी अविनाश चंद्र से मिलीं। फिर उन्होंने महिला थाना की एसएचओ को जांच करने का आदेश दिया। एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि महिला का इस्तेमाल कुछ मामलों को निपटाने के लिए किया जा रहा है। उसने पहले ही शाहजहांपुर में यौन उत्पीड़न के 4 मामले दर्ज कराए थे और अब तक 2 दर्जन से अधिक शिकायतें दे चुकी हैं। एक सर्कल अधिकारी उसकी हालिया शिकायतों की पहले से ही जांच कर रहा है। शाहजहांपुर के एसएसपी एस. आनंद ने कहा कि महिला ने सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत लेकर कभी हमसे संपर्क नहीं किया। वह सीधे एडीजी के पास गई। वह पहले ही यौन उत्पीड़न की कुछ शिकायतें दर्ज करा चुकी है और सभी मामलों की जांच चल रही है। कुल मिलाकर आज भी महिलाओं के प्रति जो सम्मान होना चाहिए उसमें लगातार कमी देखने को मिल रही है.