Breaking News

घाटी में हिजबुल का नया कमांडर बना हैदर गाज़ी

11 May, 2020 943

संवाददाता/in24 न्यूज़.
हिजबुल मुजाहिदीन ने अब अपना कमांडर हैदर गाज़ी को बनाया है. जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों द्वारा कमाडंर रियाज नायकू को मार गिराने के बाद हैदर गाजी ने हिजबुल कमांडर के रूप में कमान संभाली है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सैफुल्लाह मीर उर्फ गाजी हैदर को नायकू ने हिजबुल में शामिल किया था. आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि आतंकी संगठन जो पाकिस्तान नियंत्रित कश्मीर के मुजफ्फराबाद से चलता है, ने इसकी घोषणा की है. इससे पहले नाइकू अपने सहयोगी आदिल अहमद के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और 21 राष्ट्रीय राइफल्स के सैनिकों द्वारा किए गए एक ऑपरेशन में मारा गया था. नाइकू अपने गांव में एक गुप्त बंकर में छिपा था. आर्मी की 15वीं कोर के पूर्व कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा है कि कश्मीर में कितने गाजी आए और कितने गाजी गए. आतंकी संगठन के नए कमांडर सैफुल्लाह मीर को मुसाहिब और डॉक्टर सैफ के नाम से भी जाना जाता है. क्योंकि वह पुलिस मुठभेड़ों में घायल हुए आतंकवादियों का इलाज किया करता था. ये आतंकी दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के मलंगपोरा से 12वीं पास है. उसने पुलवामा आईटीआई में बायो मेडिकल कोर्स किया है. उसे श्रीनगर के राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में नौकरी भी मिली. बाद में नायकू ने इसे हिजबुल में शामिल कर लिया. सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि सैफुल्लाह को ’ए श्रेणी’ के आतंकवादी के रूप में वर्गीकृत किया गया है और वह पुलवामा, कुलगाम और शोपियां के दक्षिण कश्मीर जिलों में सक्रिय था. कहा गया है कि रियाज़ नाइकू के नेटवर्क से वह पूरी तरह परिचित हैं. वह धन जुटाने और दक्षिण कश्मीर में अफीम की अवैध खेती से कमाई की गतिविधियों में शामिल है.

अन्य खबरे