Breaking News

जयपुर में सिलेंडर में आग लगने से पांच लोगों की ज़िंदा जलकर मौत

21 Mar, 2024 647

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
जयपुर में एक घर में आग लगने से पांच लोगों के ज़िंदा जलकर मरने की खबर सामने आई है। मरने वालों में तीन बच्चे और उनके माता पिता शामिल हैं। हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी दुख जताया है। सीएम ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे घायलों का उचित इलाज कराएं। घटना जयपुर में विश्वकर्मा के जैसल्या गांव के यादव मार्केट की है। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले घर में रखे सिलेंडर में लगी। जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के निवासी हैं, जो जयपुर के एक घर में रह रहे थे। हादसे की सूचना के बाद दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम भी छानबीन में जुट गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जयपुर के विश्वकर्मा में भीषण आग की चपेट में आने से पांच नागरिकों के असामयिक निधन का समाचार हृदय विदारक है। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। घायलों को समुचित उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। बता दें कि फॉरेंसिक टीम छानबीन में जुट गई है।

अन्य खबरे