पति ने पहले पत्नी की हत्या की फिर खुद को गोली मारी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
विवाद कई बार रिश्तों की अहमियत को खत्म कर देता है. एक ऐसा ही मामला कानपुर स्थित रूरा थाना क्षेत्र से सामने आया है जिसमें एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और बाद में खुद को भी मार डाला. मानसिक तनाव के चलते सोमवार आधी रात एक अधेड़ युवक ने खुद की लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने बंदूक को कब्जे में लेकर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रूरा थाना के जिनई बनीपारा में रहने वाले धनंजय सिंह पहले खाद की दुकान चलाते थे। खाद का काम अच्छा न चलने पर वह लोगों से सोना चांदी लेकर उनको पैसे देने का काम करते थे। उनके बेटे ओमजी ने बताया कि धनंजय को ब्लड प्रेशर की बीमारी थी, जिस कारण तनाव के चलते कुछ दिनों से पत्नी सुधा से हर बात पर विवाद हो जाता था। सोमवार देर रात दोनों के बीच कहासुनी हुई. बात इस कदर बढ़ी कि गुस्से में आकर आधी रात में ही धनंजय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर जब बेटा पास पहुंचा तो उसने देखा कि उसके माता पिता दोनों खून से सने पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया और फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से बंदूक और कारतूस जब्त कर आगे की जांच में जुट गई है.