पत्नी ने चाय नहीं बनाई तो पति ने कुल्हाड़ी से हत्या की
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुनिया भर में लोग सुस्ती मिटाने के लिए चाय पीते हैं। दो दोस्त जब खुश होते हैं तब चाय पीते हैं, मगर छत्तीसगढ़ से खबर है कि एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने चाय बनाकर नहीं दी। इससे पति को इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से दो बार वार किया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई | गौरतलब है कि सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम अमहर में पति पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता था। जब पत्नी अपने घर के आंगन की लिपाई कर रही थी तभी आरोपी पति ने अपनी पत्नी को चाय बनाकर देने के लिए कहा, जिस पर पत्नी ने आंगन लीपने के बाद चाय बनाकर देने की बात कही। पत्नी के द्वार मना करने और फ़ौरन चाय बनाकर नही देने की बात पर आरोपी को इतना ज्यादा गुस्सा आया की उसने घर पर रखे कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर और गले पर प्रहार कर दिया जिससे मृतिका लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई और अत्यधिक खून बहने के कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना थाने में दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि इस हत्या के बाद पूरे इलाके में लोग इसकी जमकर चर्चा कर रहे हैं।