पहली बीवी ने सौतन के बेटे की जान ली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
जलन में इंसान किसी भी हद तक जा सकता है. गौरतलब है कि बिहार के लखीसराय निवासी एक युवक को दो शादियां करना महंगा पड़ गया. दो शादियां करने की कीमत उसे बेटे की मौत से चुकानी पड़ी. युवक के बेटे का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसकी पहली पत्नी ही है. सौतन से पति का प्यार करना सहन नहीं होने पर सौतन के एक माह के बेटे की हत्या कर दी. मामले का खुलासा तब हुआ, जब उसकी बेटी ने ही पिता को बताया कि बच्चे को उसकी मां लेकर गयी थी. दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र में रहनेवाले लखीसराय निवासी 30 वर्षीय विशेसर की शादी करीब आठ साल पहले मुंगेर निवासी 28 वर्षीया सपना से हुई थी. उसे दो बेटी और एक बेटा है. पिछले साल जब वह अपने घर लखीसराय आया था, तो लखीसराय के पास ही रहनेवाली 23 वर्षीया निशा से दूसरी शादी रचा ली. निशा को पिछले महीने ही एक बेटा हुआ था. इसके बाद विशेसर वजीराबाद में ही अलग-अलग कमरे लेकर दोनों पत्नियों को रखा. पति को दूसरी पत्नी से प्यार करना पहली पत्नी सहन नहीं कर पा रह थी. इसके बाद अपनी सौतन को सबक सिखाने के लिए उसने उसके एक माह के बेटे की गला दबा कर हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी में छिपा कर सो गयी. घटना 13 सितंबर की रात की है. पुलिस की पूछताछ में भी सपना ने कुछ नहीं बताया. सपना की छह वर्षीया बेटी ने जब पिता को बताया कि बच्चे को उसकी मां लेकर गयी थी. इसके बाद उसने पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने दोबारा सपना से सख्ती से पूछताछ की. इसके बाद मामले का खुलासा हुआ.