पहले पत्नी की हत्या की फिर खुद फांसी लगा ली
27 Feb, 2020
947
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोई भले ही लाख सफाई दे कि पति-पत्नी का रिश्ता जन्म-जन्मांतर तक का होता है, पर जिस तरह हिसार से खबर आई है उससे ऐसा बिल्कुल नहीं लगता। बता दें कि हरियाणा के हिसार में एक युवक ने मंगलवार को पहले तो अपनी पत्नी की किसी धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी और फिर खुद भी घर आकर फांसी के फंदे पर झूल गया। इस घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। दोनों की लाश मिलने के बाद उसके परिजनों ने बताया कि मृतक कृष्ण पत्नी सविता को बाइक पर बैठाकर पशुओं का चारा लाने के लिए खेत में गया था। वहीं पर किसी बात पर दोनों में कुछ विवाद हुआ तो वहीं पर उसने धारदार हथियार से अपनी पत्नी सविता की गर्दन, बाजू व टांगों पर वार करके मार डाला और लाश को मौके पर छोड़कर अकेला ही बाइक से घर आ गया। इसके बाद जब परिजनों ने देखा कि सविता साथ नहीं आई है तो वो खेत में जा पहुंचे और वहां जाकर देखा कि सविता मृत अवस्था में खेत में ही पड़ी हुई है। इसके बाद जब परिजन घर पहुंचे तो देखा कि कृष्ण ने भी अपने घर के एक कमरे में पंखे पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।