Breaking News

पिता ने बेटे की गला रेतकर की हत्या

21 Nov, 2022 591

क्राइम डेस्क/in24 न्यूज़/मुंबई    

    आर्थिक राजधानी में एक कलयुगी पिता ने अपनी सारी मर्यादाएं लांघते हुए अपने ही छह साल के बेटे की बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी. इस मामले में आरोपी पिता को मुंबई की मालवणी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता ने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद अपने मासूम बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी. यह घटना शनिवार सुबह मलाड (Malad) के मालवणी (Malvani) इलाके में हुई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नंदन अधिकारी (Nandan Adhikari) ने अपनी पत्नी सुनीता से झगड़े के बाद अपने बेटे लक्ष्य की निर्मम हत्या कर दी. दरअसल शनिवार की सुबह सुनीता अपनी 13 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने गई थी, लेकिन जब वह घर लौटी तो घर के फर्श पर खून से लथपथ उसके बेटे लक्ष्य का शव पड़ा था. मुंबई पुलिस के अनुसार लक्ष्य का गला किसी नुकीली चीज से काटा गया था. मालवणी पुलिस (Malwani Police) ने आरोपी नंदन अधिकारी  खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बच्चे के शव पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. 

        वहीं मालवणी पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपी नंदन अधिकारी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी नंदन ने पुलिस को बताया कि उसका अपनी पत्नी के साथ किसी न किसी बात को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. हत्याकांड की इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों के बीच चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि एक पिता आखिर इतना निष्ठुर कैसे हो सकता है. 

अन्य खबरे