पुणे में विदेशी युवती से गैंग रेप
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आए दिन इस देश में आंदोलन और विरोध प्रदर्शन होते रहते हैं. ऐसे में कई बार देखा गया है कि महिलाएं पूर्णतः खुद को सुरक्षित नहीं मानतीं, तो वहीं देश के अनेक हिस्सों से दुष्कर्म की खबरें आती रहती हैं. अब तो आलम इतना शर्मसार करनेवाला हो गया है कि अतिथियों के साथ भी दुष्कर्म करने से लोग बाज नहीं आते. गौरतलब है कि पुणे में युगांडा की 28 वर्षीय महिला को मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने वाले दो लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। विमान नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे कोरेगांव पार्क क्षेत्र के एक रेस्तरां के बाहर खड़ी महिला के पास मोटरसाइकिल पर सवार एक शख्स पहुंचा। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने मोटरसाइकिल पर बैठने की सहमति दे दी तो शख्स ने अपने एक दोस्त को बुला लिया और दोनों ने महिला को अपने बीच में बैठाया। अधिकारी के अनुसार जब महिला ने मोबाइल फोन पर अपने घर की लोकेशन देखी तो उसे पता चला कि दोनों आरोपी उसे कहीं और ले जा रहे थे। उन्होंने कहा कि महिला ने उनसे मोटरसाइकिल रोकने को कहा, लेकिन वे उसे एक सुनसान जगह ले गये और उसके साथ बलात्कार किया। शिकायत के अनुसार जब संदिग्धों ने उसे एक सुनसान जगह पर छोड़ने की कोशिश की तो महिला ने उनसे मुख्य सड़क तक छोड़ने की गुहार लगाई जिसे दोनों ने मान लिया। जब मोटरसाइकिल सड़क पर पहुंची तो महिला ने युवाओं के एक समूह को देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि जब युवाओं का समूह मोटरसाइकिल की ओर आने लगा तो चालक का उससे नियंत्रण खो गया और तीनों गिर पड़े. इस दौरान आरोपी भागने में सफल रहे।