पुलिस ने थाने में कराई प्रेमी प्रेमिका की शादी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोई प्यार के बारे में कुछ भी कहे, मगर सबसे बड़ी बात यह है कि अगर वही प्यार सच्चा हुआ तो उसे मंज़िल मिलकर रहती है. इसीलिए तो एक प्रेमिका की शादी घरवाले जबरन किसी और के साथ करा रहे थे, पर पुलिस ने प्यार का मर्म समझा और प्रेमी-प्रेमिका को मिलाने के लिए थाने में ही शादी करवा दी. भले ही खबर फ़िल्मी लगे पर है सोलह आने सच. गौरतलब है कि प्यार को पाने के लिए आपको घर वालों से लेकर जमाने तक से लड़ना पड़ता है. ऐसा ही देखने को मिला उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में. यहां एक लड़का और एक लड़की को एक दूसरे से प्यार हो गया, लेकिन जमाना उनके प्यार के खिलाफ था. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. जब घर वालों ने इस प्रेमी युगल की शादी नहीं कराई तो उन्होंने पहले कोर्ट मैरिज की, इसके बाद पुलिस का सहारा लिया. इसके बाद पुलिस ने उनकी शादी करवाई. रविवार को कानपुर के जूही पुलिस स्टेशन के अंदर प्रेमी युगल की शादी कराई. पुलिस ने शादी के सभी इंतजाम भी किए. नगर के कैंट क्षेत्र में राहुल और नैना पड़ोसी थे और दो साल पहले उनमें प्यार हुआ. उनके परिजन उनकी मोहब्बत के खिलाफ थे और शादी के लिए तैयार नहीं थे. इसके बाद राहुल और नैना ने पिछले साल जुलाई में चुपके से कोर्ट मैरिज कर लिया. इसके बाद उन्होंने अपने-अपने घरों में रहना जारी रखा. दूसरी तरफ एक सप्ताह पहले नैना के परिजन उसकी शादी किसी अन्य युवक से करने की तैयारी कर रहे थे. जब राहुल को इसकी भनक लगी तो दोनों प्रेमी युगल दो दिन पहले घर से फरार हो गए. इसके खिलाफ नैना के पिता ने जूही पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस इन दोनों प्रेमी युगल का पता लगाकर उन्हें थाने ले आई. हालांकि, उनकी प्रेम कहानी सुनकर पुलिस ने दोनों परिजनों को थाने बुलाया. खुद पुलिस ने दोनों के परिजनों को शादी स्वीकार करने के लिए मनाया. आखिरकार दोनों परिवार के लोग मान गए. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक पुजारी की व्यवस्था की. पुजारी ने पुलिस स्टेशन के अंदर स्थित मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी कराई. इस समारोह में पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी बुलाया गया. शादी के बाद राहुल और नैना ने पुलिसकर्मियों का धन्यवाद दिया.