Breaking News

बेटे की गलती पर बाप ने फांसी लगा ली

15 Mar, 2023 703

संवाददाता/in24 न्यूज़।


बेटे की गलती पर एक पिता को मध्यप्रदेश के छतरपुर (Chhatarpur) जिले के चंदला थाना (Chandla police station) क्षेत्र में बंधक बना लिया गया। घटना से व्यथित पिता ने छूटने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिले के पंचमपुर गांव में ऊधा अहिरवार (45) को दो मार्च को गांव के कुछ लोग उठाकर लाए और उसे घर के सामने बांधकर रखा। दो दिन का उसे बांधकर रखने के बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद वह घर पहुंचा और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने गांव के छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। इनमें से पांच आरोपियों को कल गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया गया है कि ऊधा अहिरवार का पुत्र राजस्थान में मजदूरी करने गया, जहां वह गांव की एक लड़की को अपने साथ भगा ले गया। इस बात की जानकारी लड़की के घरवालों को लगी, तो उन्होंने लड़के के पिता पर दबाव बनाने के लिए उसे उठा ले गए और हाथ पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया, लेकिन घटना से व्यथित ऊधा अहिरवार ने फांसी लगा ली। ऊधा को बंधक बनाए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसमें उसके हाथ-पांव बंधे हुआ था।

अन्य खबरे