मां ने चार बच्चों को जहर देकर खुद भी जान दी
संवाददाता/in24 न्यूज़।
अपने जिगर के टुकड़ों को एक मां ने जहर देकर मौत की नींद सुला दी। हरियाणा में फतेहाबाद जिले के बनगांव में कल रात एक विधवा ने अपने चार बच्चों के साथ सल्फास निगल लिया जिसमें मां और दो बच्चों की मौत हो गई। भट्टू कलां पुलिस थाना प्रभारी ओम प्रकाश चुघ ने बताया कि किरण (30) के पति वकील चंद की पिछले साल मौत हो गई थी और वह सास और बच्चों के साथ रह रही थीं। वकील चंद की मौत के बाद परिवार का गुज़ारा अपनी जमीन पर खेती कर चल रहा था। संभवत: अवसाद के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। कल उन्होंने नीशू (11), नीतू (10), आईना (5) व बेटे कृष (2) को सल्फास देकर खुद भी सल्फास निगल लिया। उस समय सास सावित्री घर पर नहीं थीं। पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों ने सभी को स्थानीय निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां से सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। किरण, नीशू और नीतू की मौत हो गई जबकि कृष और आईना को हिसार के निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। आगे की जांच में पुलिस जुटी हुई है।