युवती ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो उसे ज़िंदा जलाने की कोशिश
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भले ही दुष्कर्म और महिलाओं से छेड़छाड़ के खिलाफ अनेक क़ानून पहले से हु मौजूद हैं, बावजूद इसके छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं में जितनी कमी आनी चाहिए, वैसा नहीं हो रहा है. ताज़ा मामला है जबलपुर का. गौरतलब है कि जबलपुर स्थित बेलखेड़ा में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 6 बदमाशों ने एक युवती को मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया. युवती को आग की लपटों से घिरा देख आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई, किसी तरह युवती के शरीर से आग बुझाकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर युवती की हालत को देखते हुए राइट टाउन स्थित निजी अस्पताल में भरती कराया गया है, जहां पर युवती की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. खबर है कि बेलखेड़ा के हिनौतिया गांव में रहने वाली 18 वर्षीय युवती पूजा (परिवर्तित नाम) शाम को अपने घर जा रही थी, इस दौरान गांव के 6 युवकों ने पूजा को घेर लिया, वह कुछ समझ पाती इससे पहले बदमाशों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरु कर दी. युवती ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की और मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी, शरीर पर आग लगते ही पूजा चिल्लाई, शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्होने पूजा को आग की लपटों से घिरा देखा तो स्तब्ध रह गए, किसी तरह पूजा के शरीर से आग बुझाकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर युवती की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर पूजा की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूछताछ के बाद चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, वहीं दो को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. घटना को लेकर अधिकारियों को पूछताछ में और भी तथ्य सामने आए है, जिसमें कोई कह रहा है कि यह प्रेम प्रसंग का मामला है तो कुछ ने कहा कि युवती के परिवार का जमीनी विवाद है, जिसके चलते युवती को निशाना बनाया गया है, पुलिस का कहना है कि जांच में और वास्तविक तथ्य सामने आएंगे. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.