Breaking News

राजस्थान में छह साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या

02 Dec, 2019 1133

संवाददाता/in24 न्यूज़  
बलात्कार की बढ़ती घटनाओं से जहां देश परेशान है, बावजूद इसके बलात्कारियों में कोई खौफ नहीं है और आये दिन इस तरह की घटनाएं घटती ही जा रही हैं. ताजा घटना घटी है राजस्थान में जहां एक छह साल की मासूम की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई. गौरतलब है कि राजस्थान के टोंक में स्कूल से लौट रही छह साल की मासूम का दरिंदों ने अपहरण कर, उसका बलात्कार कर दिया। इस जघन्य अपराध के दौरान जब बच्ची के मुंह से चीख निकली तो बेरहमों ने स्कूल की बेल्ट से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरअसल, मासूम बच्ची सरकारी स्कूल में पढ़ती थी और शनिवार को स्कूल में कार्यक्रम होने के कारण वह स्कूल में ही थी। वहीं से निकलने के बाद 3 बजे बच्ची अचानक लापता हो गई। गांव में ही बच्ची के 4 मामा और उनका परिवार रहता है। जब काफी देर तक बच्ची नहीं आई तब उसके मामा ने सोचा कि वह किसी दूसरे मामा के घर होगी, लेकिन जब बच्ची 7 बजे तक घर नहीं लौटी तब सभी को चिंता हुई और वह उसे ढूंढने निकल गए। हालांकि बच्ची का शव अगले दिन यानी रविवार को गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर सुनसान जगह पर झाड़ियों में मिला। तभी से जिले भर में इस दर्दनाक घटना के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है। मामले की जांच कर रही पुलिस का मानना है कि शायद आरोपी बच्ची को जानता था और वह बहलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया होगा। इसके बाद उसने शराब पीकर मासूम के साथ दुराचार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने स्पेशल शाखा की टीम लगाई हैं, लेकिन कई घंटे गुजर जाने के बाद भी अब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

अन्य खबरे