शादी से पहले प्रेमी से करवाई होनेवाले पति की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर माता पिता का सपना होता है कि उसकी बेटी की शादी सही तरीके से और सही जगह हो, मगर जब लोग प्रेम के चक्कर में पड़ते हैं तो माता-पिता के सपनों को चकनाचूर करने से भी बाज नहीं आते. एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें प्रेमी के साथ मिलकर डिग्री की पढ़ाई कर रही छात्रा ने होने वाले पति की निर्मम हत्या कर दी। छात्रा ने प्रेमी सहित चार अन्य युवकों की मदद से इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले को पहले सड़क दुर्घटना माना। मगर बाद में बारिकी से जांच के बाद संदेहास्पद मृत्यु का मामला दर्ज किया। पुलिस की जांच के दौरान रोंगटे खड़े करने वाले तथ्य सामने आये हैं। पुलिस के मुताबिक़ कर्नूल जिले के आल्लागड्डा शहर निवासी एक छात्रा स्थानीय एक निजी डिग्री कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। इसी कॉलेज में पढ़ रहे एक क्लासमेट के साथ उसका परिचय हुआ। यह परिचय प्रेम में बदल गया। इसी क्रम में दोनों अक्सर मिलने लगे। यह देखकर परिवार वालों ने दोनों को समझाया। मगर दोनों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इसी के चलते परिवार वालों ने दो सप्ताह पहले रजिया बेगम की शादी दूर के रिश्तेदार और कोटकंदुकुरू गांव निवासी खाजा बेग के बेटे गफ्फार बेग के साथ तय की। फरवरी में दोनों की शादी करने का फैसला भी लिया। मगर रजिया को यह शादी पसंद नहीं थी। उसने गफ्फार बेग को रास्ते से हटाने की ठान ली। प्रेमी के साथ मिलकर होने वाले पति की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार छात्रा ने प्रेमी और तीन अन्य की मदद से हत्या कर दी। पुलिस ने आगे बताया कि छात्रा ने फोन करके होने वाले पति को एक दिन घर पर बुलाया। होने वाली बीवी को फोन आते ही वह खुशी से मिठाई और फल लेकर उसके घर गया। दो घंटे तक उसके साथ बिताया। शाम होते देख गफ्फार बेग बाइक पर गांव जाने के लिए रवाना हुआ। इससे पहले छात्रा ने प्रेमी और एक अन्य को कोटकंदकुरु गांव के पास बाइक पर भेज दिया। साथ ही गफ्फार बेग किस रास्ते से जा रहा है इसकी खबर देने के लिए उसके पीछे दो अन्य को उसके पीछे भी भेज दिया। इतना ही पल-पल की जानकारी भी लेती रही। गफार बेग कोटकंदकुरु गांव के सीमांत क्षेत्र में पहुंचते ही पहले घात लगाये बैठे रजिया के प्रेमी और अन्य युवक ने उसकी बाइक को रोका और हमला किया। इसी दौरान उसके पीछे आये दो युवक भी वहां पर आ पहुंचे। सभी मिलकर चाकुओं से गफ्फार बेग पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारे अपने-अपने रास्ते चले गये। इसी दौरान पुलिस खबर मिली की कोटकंदुकुरु गांव के सीमांत क्षेत्र में एक युवक शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने के कारण पुलिस को शव पर चाकुओं के जख्म दिखाई नहीं दिये। पुलिस इसे सड़क हादसा समझा। मगर घटनास्थल की बारिकी से जांच के बाद पुलिस ने इसे संदेहास्पद मौत का मामला दर्ज किया। डीएसपी राजेंद्र के आदेश बाद मृतक के शव के सेलफोन नंबर के आधार पर मामले की जांच आरंभ की। इस घटना से साफ़ हो गया है कि प्यार अंधा होता है.