राजा रघुवंशी हत्याकांड में आया नया मोड़, पत्नी सोनम निकली कातिल!
इंदौर की सोनम जिसने महज 28 दिन पहले सात फेरे लिए, सिंदूर लगाया, व्रत किए और फिर 20 मई को पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून पर शिलांग चली गई। लेकिन वहां से जो खबर आई, उसने पूरे देश को हिला कर रख दिया। दरअसल राजा की लाश गहरी खाई में मिली और सोनम लापता।
अबतक की परिस्थियों और साक्ष्य के मुताबिक इंदौर के राजा की सोनम वेवफा निकली है। कुछ दिनों पहले तक जिस सोनम की तलाश के लिए राजा का परिवार गुहार लगा रहा था, जिस सोनम की सलामती के लिए प्रार्थनाएं कर रहा था। तब शायद ही सोचा होगा कि उसी सोनम ने उन्हें वो जख्म दिया है जो शायद ही कभी भर सके।
दरअसल 17 दिन बाद राजा और सोनम की कहानी में आया जबरदस्त ट्विस्ट आया है। सोनम जिंदा मिली है और यूपी के गाजीपुर से पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं सोनम को लेकर जो खुलासे हुए हैं उसने हर किसी को हैरान कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक सोनम का पहले से किसी और युवक से अफेयर था और उसी के चलते पति राजा की हत्या की साजिश रची गई। राजा को प्रेमजाल में फंसाकर शिलांग ले जाया गया, जहां उसे सुनियोजित तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया।
बता दें कि राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। इस शादी से परिवार खुश था और रिश्तेदारों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। जिसके बाद 20 मई को दोनों शिलांग हनीमून के लिए रवाना हो गए। 22 मई को कपल नोंग्रियाट गांव के शिपारा होमस्टे में रुका।
वहीं अगले दिन सुबह 6 बजे चेकआउट किया और तभी से दोनों के मोबाइल बंद हो गए। वहीं 24 मई को मवालखियत से करीब 25 किलोमीटर दूर ओसरा हिल्स की पार्किंग में स्कूटी लावारिस मिली। ये वही स्कूटी थी जो सोनम और राजा ने किराए पर ली थी। इसके बाद जंगल में राजा और सोनम का सामान मिला और 2 जून को राजा की लाश बुरी हालत में वेईसावडॉन्ग झरने के पास गहरी खाई में मिली।
वहीं हाथ पर बने टैटू से राजा की पहचान हुई। जिसके बाद पुलिस लगातार सोनम की तलाश कर रही थी। वहीं 9 जून की सुबह 3 से 4 बजे के बीच सोनम गाजीपुर के नंदगंज इलाके में एक ढाबे पर पहुंची। वहां से उसने ढाबा संचालक का फोन लेकर अपने भाई को वीडियो कॉल की और बताया कि वह गाजीपुर में है। भाई ने तुरंत इंदौर पुलिस को सूचना दी, जिन्होंने गाजीपुर पुलिस से संपर्क किया।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सोनम को वन स्टॉप सेंटर में मेडिकल जांच के लिए रखा गया। जांच में कोई चोट या मारपीट का निशान नहीं मिला है। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोनम का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो शादी से पहले भी सक्रिय था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे।
सोनम ने राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने प्रेमी के साथ मिलकर शिलांग में हत्या को अंजाम दिया। राजा की हत्या में कुल पांच लोग शामिल थे। जिनमें तीन इंदौर से पकड़े गए हैं, जबकि एक आरोपी उत्तर प्रदेश से है जो फिलहाल फरार है।
मेघालय के डीजीपी एल. नोंग्रांग ने पुष्टि की है कि इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या में उसकी पत्नी सोनम समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल गाजीपुर से हिरासत में ली गई सोनम से पूछताछ जारी है।
बता दें कि 22 मई को शिलांग के एक होटल के बाहर का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें सोनम और राजा स्कूटी पर आते और बैग रखते नजर आ रहे हैं। ये वही स्कूटी है जो बाद में लावारिस मिली। आपको बता दें कि लापता होने के बादपरिवारों ने पुलिस में शिकायत की तो दोनों को खोजने के लिए मेघालय की पहाड़ियों में तमाम अभियान चलाए गए। दुकानों के आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
इधर, इंदौर में जहां राजा का शव मिलने के बाद उसका परिवार गम में डूब गया वहीं सोनम का परिवार उसके लौटने की आस लगाए था। खोया व्यक्ति मिल जाने की एक मान्यता के अनुसार सोनम के परिवार ने घर के बाहर सोनम की उलटी तस्वीर भी लगाई थी।
लेकिन तब शायद ही सोचा होगा कि जिस सोनम के लिए वो दुआएं कर रहे हैं। उसी सोनम ने उनके परिवार खुशियों को उजाड़ दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनम का शादी से पहले राज कुशवाह नाम के युवक से अफेयर था, जिसके चलते उसने राजा की हत्या की योजना बनाई।
23 मई को दोपहर डेढ़ बजे सोनम ने राजा की मां उमा देवी से आखिरी बार बात की थी। कॉल में सोनम ने कहा था, कि मां ये मुझे जंगलों में घुमा रहे हैं, झरना देखने आए है। इसके आधे घंटे बाद फोन बंद हो गया। ऑडियो कॉल में सोनम मासूमियत से व्रत, खाने की शिकायत और सांस फूलने की बातें करती है। लेकिन अब वही सोनम हत्या की आरोपी है।
सोनम ने न सिर्फ पति पति पत्नी के भरोसे वाले रिश्ते का कत्ल किया है बल्कि दो परिवरों को भी तबाह कर दिया है। राजा का परिवार आज गम के ऐसे अंधकार में डूबा है। जिससे निकलने में उन्हें ना जाने कितना वक्त लग जाए। सोनम और राजा दोनों का परिवार एक समृद्ध परिवार है।
राजा और सोनम दोनों पढ़े लिखे थे, सोनम चाहती तो शादी से इनकार कर सकती थी। वो चाहती तो राजा से भी बात कर अलग हो सकती थी। लेकिन उसने ऐसा कुछ नहीं किया। उसने राजा से शादी तो की लेकिन उसके दिल में राज था। वो राज को छोड़ना नहीं चाहती थी लिहाजा उसने राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
बहरहाल अब इंदौर और मेघालय पुलिस इस मामले की जांच नए सिरे करेगी। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुट गई है कि आखिर सोनम ने अपनी साजिश को कैसे अंजाम दिया और राजा की हत्या कैसे की गई है।