मानखुर्द और वाशी के बीच टूटा ओवरहेड वायर, यातायात हुआ बाधित
मुंबई में मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर मानखुर्द और वाशी रेलवे स्टेशन के बीच ओवरहेड उपकरण में खराबी आने के कारण शनिवार सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। जिससे व्यस्त समय में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सुबह करीब साढ़े सात बजे ओवरहेड उपकरण टूट गया, जिससे इस मार्ग पर सेवाएं कम से कम दो घंटे तक पूरी तरह से बाधित रहीं। इस समस्या की वजह से कई यात्री जान हथेली पर लेकर रेलवे ट्रैक पर सफर कर रहे हैं।
हार्बर लाइन मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों के साथ-साथ नवी मुंबई को दक्षिण मुंबई से जोड़ती है। इस मार्ग पर रोजाना लाखों यात्री उपनगरीय सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। मुंबई की हार्बर लाइन पर वाशी स्टेशन के पास ओवरहेड तार टूटने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। इसके चलते वाशी, कुर्ला रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक ओवरहेड वायर की मरम्मत कर यातायात बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। हालाँकि, इस अवधि के दौरान यात्रियों को जारी किए गए समान टिकट और पास का उपयोग करके ट्रांसहार्बर के माध्यम से यात्रा करने की अनुमति है। ओवरहेड तारों की मरम्मत होने तक यात्री ट्रांसहार्बर से यात्रा कर सकेंगे।
मुंबई के लाखों नागरिक सुबह के समय मुंबई लोकल से यात्रा करते हैं। सुबह लाखों कर्मचारी ऑफिस पहुंचने के लिए मुंबई लोकल से यात्रा करते हैं। हालांकि, अचानक आई इस खराबी से ये यात्री काफी परेशान हो गए। साथ ही ट्रेन के देरी से चलने के कारण स्टेशन पर काफी भीड़ देखने मिली।