Breaking News

मुंबई यूनिवर्सिटी की जमीन को लीज पर दिए जाने से पहले बरती गई अनियमितता

20 Apr, 2022 777

संवाददाता/in24 न्यूज़।   

शिक्षा के लिहाज से देश की सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक मुंबई यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारियों की बड़ी लापरवाही का खुलासा एक आरटीआई के जरिए हुआ है. दरअसल मुंबई यूनिवर्सिटी के प्रशासन ने कलीना परिसर की एक महत्वपूर्ण जगह फिल्म शूटिंग के लिए लीज पर दी है. जिसके संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने यूनिवर्सिटी से जानकारी मांगी थी. मुंबई यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से आरटीआई में जो जानकारी दी गई है वह बेहद चौंकाने वाली है. जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी प्रशासन ने राज्य सरकार की बिना अनुमति और बिना कानूनी सलाह के 5 एकड़ जमीन 75 लाख रुपए में 8 महीने की लीज पर दी है. आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने बताया कि जमीन को लीज पर देने से पहले टेंडर प्रक्रिया का भी पालन नहीं किया गया. बता दें कि सिद्धेश इंटरप्राइजेज को एक ऐड फिल्म की शूटिंग के लिए मुंबई यूनिवर्सिटी ने जमीन दी है. जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अनुमति के संबंध में राज्य सरकार से कोई पत्र व्यवहार नहीं किया. आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने दावा किया है कि गोरेगांव फिल्म सिटी का किराया बहुत अधिक है और यदि वहां की किराए की  जानकारी जुटाने के बाद इस संबंध में राज्य सरकार से अनुमति लेकर और टेंडर प्रक्रिया का पालन करते हुए जमीन को लीज पर दिया जाता तो करोड़ों रुपए का किराया प्राप्त हो सकता था.आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा कि शिक्षा के पवित्र मंदिर में इस तरह की नींव रखने से न सिर्फ यूनिवर्सिटी की पवित्रा पर दाग लगा है, बल्कि सरकार को राजस्व में भी घाटा हुआ है. जिस तरह से यूनिवर्सिटी की जमीन को लीज पर दिए जाने में अनियमितता बरती गई है इसमें गहरी साजिश और भ्रष्टाचार होने की भी आशंका जताई जा रही है. आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. 

अन्य खबरे