मुजफ्फरनगर में दुर्घटना में मारे गए बिहारी मज़दूरों की मौत पर दो-दो लाख का मुआवजा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब से बिहार के गोपालगंज जानेवाले मज़दूर घर पहुंचने से पहले ही दुर्घटना में मारे गए बिहारी मज़दूरों क परिवार को दो-दो लाख का मुआवज़ा दिया जाएगा. बता दें कि वह सभी श्रमिक पंजाबसे बिहार जाने के दौरान मुजफ्फरनगर ही पहुंचे थे कि मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाइवे पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य श्रमिक घायल हो गए। घायल श्रमिकों में चार की हालत गंभीर बनी हुआ है। देर रात सभी घायलों को मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मुज़फ्फरनगर में एक सड़क दुर्घटना में प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। ये मजदूर पंजाब से बिहार जा रहे थे। एक सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सभी घायलों का समुचित उपचार कराने तथा मृतकों के पार्थिव शरीर बिहार राज्य भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त सहारनपुर को दुर्घटना के कारणों की जांच करने तथा दोषियों का पता लगाने के भी निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इस दुर्घटना से संबंधित बस के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।