Breaking News

शराब फैक्ट्री को बंद कराने के लिए लाखों किसान पंजाब में हो रहे हैं इकट्ठे

03 Oct, 2022 1138

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब में शराब फैक्ट्री को बंद कराने को लेकर आज ढाई से तीन लाख किसान फिरोजपुर (Firozpur) के जीरा (Jeera) हलके में गांव मंसूरवाल कलां (Mansoorwal Kalan) में इकट्ठे हो रहे हैं। इस फैक्ट्री के सामने किसानों का धरना 75 दिन से जारी है। वहीं किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क है। जीरा में जगह-जगह नाकाबंदी की गई है।किसानों का आरोप है कि इस फैक्ट्री के पानी से भूजल दूषित हो रहा है जिससे कैंसर और अन्य बीमारियां फैल रही हैं। ट्यूबवेल में से दूषित पानी निकल रहा है। इससे पहले पुलिस और प्रशासन ने एनजीटी की ओर से फैक्टरी को दी गई क्लीन चिट और हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर प्रदर्शनकारियों को धरना खत्म करने की चेतावनी दी थी। ये भी कहा था कि यदि उन्हें एनजीटी की रिपोर्ट पर इंतजार है तो वह अदालत में जा सकते हैं, लेकिन धरना फैक्टरी से तीन सौ मीटर दूर लगाना होगा। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फैक्ट्री के कारण भूजल दूषित होने से भयानक बीमारियां पैदा हो रही हैं। रटोल रोही और मंसूरवाल कलां में अब तक दूषित पानी के चलते चार लोगों की कैंसर से मौत हो चुकी है। ट्यूबवेलों में सरेआम दूषित पानी निकल रहा है और पानी के लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट एनजीटी ठीक दे रहा है। अब देखना होगा कि भारी संख्या में इकट्ठे होने वाले किसानों का आंदोलन को किस तरह का प्रतिसाद मिलता है! 

अन्य खबरे