Breaking News

15 दिन की होगी इसबार अमरनाथ यात्रा

06 Jun, 2020 837

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
अमरनाथ की यात्रा करनेवाले श्रद्धालुओं के लिए दिशानिर्देश दी गई है कि इस बार यह यात्रा 15 दिनों की होगी। यह जानकारी अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने दी है. इस वर्ष की यात्रा 21 जुलाई से शुरू होगी और 3 अगस्त को समाप्त होगी. यात्रा के लिए प्रथम पूजा शुक्रवार को यहां आयोजित की गई थी. कोरोना वायरस महामारी के कारण इस बार यात्रा की अवधि में कटौती की गई है. इस बार साधुओं को छोड़कर 55 वर्ष से कम उम्र के तीर्थयात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी. एसएएसबी अधिकारियों का कहना है कि यात्रा शुरू करने वाले सभी लोगों के पास कोविड-19 नेगेटिव प्रमाण पत्र होने आवश्यक है. यात्रा शुरू करने से पहले यात्रियों को कोरोना वायरस के लिए क्रॉस-चेक किया जाएगा. साधुओं को छोड़कर सभी तीर्थयात्रियों को यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा. यह भी तय किया गया है कि 15 दिनों के दौरान सुबह और शाम गुफा मंदिर में की जाने वाली आरती का देश भर के भक्तों के लिए सीधा प्रसारण किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय मजदूरों की अनुपलब्धता और बेस कैंप से गुफा मंदिर तक ट्रैक बनाए रखने में कठिनाइयों के कारण, यात्रा 2020 के लिए गांदरबल जिले में बालटाल बेस कैंप से गुफा तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल होगा. यात्रा 2020 केवल उत्तरी कश्मीर बालटाल मार्ग से होकर निकलेगी. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तीर्थयात्री को पहलगाम मार्ग के माध्यम से इस वर्ष की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यात्रा 2020 का समापन 3 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा पर होगा. इसी दिन रक्षाबंधन होता है.

अन्य खबरे