सीएनजी और पीएनजी के भाव घटे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
केंद्र सरकार ने ईंधन की कीमतों से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। प्राकृतिक गैस की प्राइसिंग के फार्मूला में बदलाव से सीएनजी (CNG)और पीएनजी (PNG) की कीमतों में दस फीसदी तक कमी आने की उम्मीद है। इसका असर कुछ शहरों में दिखने भी लगा है। मुंबई, अहमदाबाद, वडोदरा जैसे शहरों में इसकी कीमतें घट भी गई हैं। केंद्र सरकार ने गुरुवार को किरीट पारेख कमेटी की सिफारिशें स्वीकार कर लीं। नए फार्मूला के हिसाब से अब घरेलू बाजार में नेचुरल गैस की कीमतें इंडियन क्रूड बॉस्केट पर बेस्ड होंगी। इसके लिए पिछले एक महीने की कीमत को आधार बनाया जाएगा। इससे पीएनजी की कीमत दस फीसदी तक और सीएनजी की कीमत नै फीसदी तक कम होने की उम्मीद है। वहीं दूसरी तरफ देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सीएनजी और पीएनजी की सप्लाई करने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने सीएनजी की कीमत आठ रुपए प्रति किलोग्राम कम कर दी है, जबकि पीएनजी की कीमत में पांच रुपए प्रति यूनिट घटाई गई है। अब मुंबई में सीएनजी 79 रुपए प्रति किलो और पीएनजी 49 रुपए प्रति यूनिट के दाम पर मिलने लगेगी। नई कीमतें शुक्रवार रात 12 बजे से ही लागू हो गई हैं।