मदरसे में सोये छात्र की हत्या
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आजकल आपराधिक वारदातों की अनेक घटनाओं में अलग-अलग कारण देखे जाते हैं, मगर यूपी के एक मदरसे में जिस तरह नींद में सोये हुए दस साल के छात्र की हत्या की गई है, उसके पीछे का कारण अबतक सामने नहीं आ पाया है. गौरतलब है कि अमरोहा जिले में एक मदरसे के छात्रावास में मंगलवार रात को एक 10 वर्षीय छात्र की सोते समय चाकू घोंपकर और गला काटकर हत्या कर दी गई. गंभीर हालत में कक्षा चार के छात्र को मेरठ के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. अपराध के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है. फिलहाल इस मदरसे में लगभग 200 छात्र हैं. इस निर्मम हत्या में अंदरूनी लोगों की भूमिका पर संदेह करते हुए स्थानीय पुलिस ने पूछताछ के लिए मदरसे के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है. सूत्रों के मुताबिक, खून के निशान सीधे एक मदरसा के कर्मचारी के कमरे तक पाए गए और वहां ऐसा दिखा कि खून के धब्बे मिटाने की कोशिश की गई है. अपराध में मदरसे की रसोई का चाकू इस्तेमाल किया गया था, और इसे बाद में मदरसे के पास के एक खेत से बरामद किया गया था.
मदरसे के एक कर्मचारी ने कहा कि जब हमला हुआ तब हॉल में 17 छात्र थे. वे सभी सो रहे थे. हमलावरों ने कमरे में घुसकर छात्र का गला काट दिया और उसे चाकू मार दिया. इस बीच एक छात्र के जग जाने और मदद के लिए चिल्लाने पर हमलावर भाग गए.' चीख-पुकार सुनकर मदरसा के अन्य कर्मचारी जाग गए और हॉल में पहुंचे. मदरसा के प्रिंसिपल बच्चे को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां से उसे मेरठ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया.