सौ अरब डॉलर क्लब में शामिल हुए मुकेश अंबानी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुनिया के अरबपतियों की सूची में मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने एक नया मुकाम हासिल किया है। मुकेश अंबानी ने बड़ी छलांग लगाते हुए सौ अरब डॉलर क्लब में एंट्री ली है। इसके साथ ही मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी ने पिछले कारोबारी सत्र में 2.76 बिलियन डॉलर की कमाई की, जिससे उनकी नेटवर्थ बढ़कर 102 बिलियन डॉलर हो गई है। मुकेश अंबानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 12वें स्थान पर हैं। बता दें कि दुनिया में 100 बिलियन डॉलर नेटवर्थ रखने वाले सिर्फ 12 अरबपति हैं। गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर लगभग तीन फीसदी बढ़कर 2,724.95 रुपए पर पहुंच गए थे। हालांकि बाद में 2.58 फीसदी की बढ़त के साथ 2,718.40 रुपए पर बंद हुए। बता दें कि कुछ दिन पहले गौतम अडानी मुकेश अंबानी से ऊपर थे, मगर आज अंबानी ने बाजी मार ली है।