Breaking News

अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी रूप से लगी रोक

14 Jul, 2022 490

संवाददाता/in24 न्यूज़.
खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा को गुरुवार को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक खराब मौसम के कारण यात्रियों के किसी भी नए जत्थे को आज पारंपरिक नुनवान, पहलगाम आधार शिविर और सबसे छोटे बालटाल से दुमैल होते हुए आगे बढऩे की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि पहलगाम और बालटाल मार्ग पर अभी भी बारिश हो रही है। मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा को बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा। गुरुवार तडक़े तक एक लाख 53 हजार 863 तीर्थयात्रियों ने बर्फानी बाबा के पवित्र गुफा मंदिर के दर्शन किए। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि अमरनाथ गुफा के बालटाल और पहलगाम मार्ग पर आज रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक बारिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि 16 जुलाई की दोपहर से मौसम में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि हम 24 घंटे मौसम की निगरानी कर रहे हैं और भारी बारिश होने के आसार कम है। उन्होंने हालांकि कहा कि मानसून के मद्देनजर मौसम प्रणाली अचानक बदल जाती है और भारी बारिश हो सकती है जो पूर्वानुमान करने के लिए एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण काम है। सुश्री लोटस ने कहा कि सर्दियों की तुलना में मानसून के मौसम के दौरान मौसम का पूर्वानुमान लगाना थोड़ा मुश्किल और चुनौतीपूर्ण काम होता है। मौसम प्रणाली में कभी-कभी अचानक बदलाव दिखाई देता है जो भारी वर्षा और बादल फटने का कारण बनता है और जिसका पूर्वानुमान लगाना बहुत ही कठिन और चुनौतीपूर्ण काम है”। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षा के लिए उचित उपाय करने और मौसम प्रणाली के साथ अद्यतन करने की सलाह दी। बता दें कि आठ जुलाई को गुफा के पास बादल फटने से 16 लोगों की मौत हो गई थी और अन्य 35 घायल हो गए थे।

अन्य खबरे