अमेरिका ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अमेरिका ने भारत को 47 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है. अमेरिका ने कहा है कि वाशिंगटन और नई दिल्ली दोस्ती निभाने के साथ लोकतांत्रिक परंपराओं में विश्वास रखते हैं. अमेरिका की तरफ से विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बधाई संदेश में कहा कि वो अमेरिका की सरकार तथा अमेरिका के लोगों की तरफ से भारत को उसके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि जब 73 साल पहले भारत को आजादी मिली थी, तब से ही दोनों दोस्त दोस्ती निभाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. माइक पोंपियो ने अपने संदेश में कहा कि अमेरिका तथा भारत वर्तमान समय में रक्षा, आतंकवाद निरोधी कार्यक्रम, व्यापार, निर्माण, ऊर्जा, निवेश, कृषि, विज्ञान, स्वास्थ्य सेवाएं और तकनीकि, शिक्षा, स्पेस, समुद्री क्षेत्र में साथ काम कर रहे हैं. अन्य नवीन क्षेत्रों में भी दोनो देश सहयोग बढ़ाकर दूरदर्शी लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि वैश्विक रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर पिछले कुछ सालों में दोनो देशों के रिश्ते बेहतर हुए हैं. 21 सदी में दुनिया की समृद्धता को लेकर दोनों देशों के बीच साथ काम करने के लिए आपसी सहयोग बेहतर हुआ है. भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गूगल ने भी एक खास डूडल बनाया है. अपने इस स्पेशल डूडल में गूगल ने भारत के आर्ट और संगीत को दर्शाया की कोशिश की है. डूडल में शहनाई, तुरही, ढोल, बासुरी, वीणा और सारंगी को दिखाया गया है. इस डूडल को मुंबई के एक आर्टिस्ट सचिन घेरकर ने बनाया है. इन वाद्य यंत्रों के माध्यम से गूगल ने भारतीय संगीत की पुरानी और समृद्ध विरासत को दर्शाया है. कोरोना संकट के बीच भी देश ने आज स्वतंत्रता दिवस जोश और उल्लास से मनाया.