आज ईद-उल-अजहा का त्योहार धूमधाम से मना रहा है देश
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज पूरे देश में ईद-उल-अजहा (Eid-ul-Azha) का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के दोनों संभागों की विभिन्न मस्जिदों में हजारों लोगों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की। नमाज के बाद मस्जिदों में देश की खुशहाली, अमन और भाईचारे की सलामती के लिए दुआएं की गई। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारक भी दी। गले मिले और खुशी साझी की। नमाज से पहले मस्जिदों में ईद उल अजहा के महत्व को बताया गया। दो साल की कोविड पाबंदी के बाद जम्मू शहर की मस्जिदों में रविवार को ईद उल अजहा की नमाज के लिए रौनक देखने को मिली। हर एक नमाजी के चेहरे पर खुशी नजर आई। जम्मू के रेजीडेंसी रोड स्थित ईदगाह में नमाजियों ने एकसाथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद के इमाम ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस्लामिक मान्यताओं के अनुसार ईद-उल-अजहा को बेहद पावन पर्व माना जाता है। सभी मुसलमान इस त्योहार का बड़ी बेसब्री से इंतजार करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि बकरीद पर्व की नींव कुर्बानी शब्द पर रखी गई है। उन्होंने इस पर्व के बारे में कहा कि कुर्बानी का अर्थ इस संदर्भ में है कि इंसान अपने अंदर की पशु वृत्ति यानी अपने अंदर की बुराइयों की कुर्बानी दे। वहीं आज देशभर में लोग एक दूसरे को ईद उल अजहा की बधाइयां दे रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को इस मौके पर शुभकामनाएं दी हैं।