Breaking News

एनआईए ने पीएफआई मामले में पांच हवाला नेटवर्क ऑपरेटर्स को किया गिरफ्तार

08 Mar, 2023 612

हवाला मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कहा है कि टीम ने बिहार (Bihar) के फुलवारी शरीफ पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) मामले में कर्नाटक से पांच हवाला ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया है और एक बड़े हवाला मॉड्यूल का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सिनान, सरफराज नवाज, इकबाल, अब्दुल रफीक एम और आबिद के एम के रूप में की गई। एनआईए ने कहा कि बिहार और कर्नाटक से चल रहे एक पीएफआई फंडिंग-बाय-हवाला मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है, जिसकी जड़ें संयुक्त अरब अमीरात में थीं। कसारगोड, केरल और दक्षिण कन्नड़, कर्नाटक से पांच पीएफआई गुर्गों की गिरफ्तारी हुई है। एनआईए अधिकारी ने कहा कि फुलवारी शरीफ और मोतिहारी में पीएफआई के कार्यकर्ताओं ने बिहार में गुप्त तरीके से पीएफआई की गतिविधियों को जारी रखने की शपथ ली थी। उन्होंने हाल ही में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक विशेष समुदाय के युवक को मारने के लिए बंदूक और गोला-बारूद की व्यवस्था भी की थी। अधिकारी के मुताबिक इस मामले में स्थानीय अधिकारियों ने पांच फरवरी को तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार हुए पांचों आरोपी पीएफआई के आपराधिक साजिशों में एक्टिव पाए गए हैं। ये भारत से बाहर से अवैध धन को ट्रांसफर कर पीएफआई नेताओं और कैडर्स के बीच वितरित करने में शामिल थे। पिछले साल जुलाई में सात आरोपी व्यक्तियों को फुलवारी शरीफ से गिरफ्तार किया गया था। एनआईए ने कहा कि रविवार से वे इस सिलसिले में कासरगोड (केरल) और दक्षिण कन्नड़, कर्नाटक में छापेमारी कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित होने के बावजूद पीएफआई और उसके कैडर हिंसक चरमपंथ की विचारधारा का प्रचार करते रहे और अपराध करने के लिए हथियारों और गोला-बारूद की व्यवस्था भी कर रहे थे। बता दें कि पांच हवाला ऑपरेटरों की गिरफ़्तारी एनआईए के लिए बड़ी कामयाबी है।

अन्य खबरे