Breaking News

कांग्रेस सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है : पीएम मोदी

14 Nov, 2023 526

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के मुंगेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब मैं मुंगेली आया हूं, महामाया माई की इस धरती पर आया हूं, तो पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कुशासन की समाप्ति का जयघोष हो रहा है। प्रथम चरण के मतदान से ये स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ से जा रही है। कांग्रेस समझ गई है ये चला-चली की बेला है! पीएम मोदी ने कहा कि प्रथम चरण में भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने के लिए मैं छत्तीसगढ़ की जनता को हृदय से धन्यवाद देता हूं। आज मैं विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की महिलाओं और युवाओं का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। मैं उनके मजबूत फैसले को भाजपा के प्रति उनके विश्वास और लगाव को आदरपूर्वक नमन करता हूं। आप जो इस धूप में तप कर रहे हैं। मैं आपकी ये तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। आपके इस तप के बदले विकास करके आपको लौटाऊंगा। ये मेरी गारंटी है। हर तरफ एक ही गूंज है – 3 दिसंबर को भाजपा आवत है। कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है भाजपा के आने का मतलब है… छत्तीसगढ़ का तेज विकास होगा। नौजवानों के सपने पूरे होंगे। यहां की महतारी-बहनों का जीवन और आसान होगा। भ्रष्टाचार पर लगाम, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड और गारंटी दोनों यही है कि भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने आपको पांच साल लूटा है, अब इनकी विदाई का समय आ गया है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी, गरीब, पिछड़े सभी कांग्रेस की विदाई के लिए आतुर हैं। यहां की महिलाओं ने ठान लिया है कि उन्हें कांग्रेस नहीं चाहिए। कांग्रेस भी ये समझ गई है- चला-चली की बेला है। अब कांग्रेस सरकार कुछ दिन का ही खेला है। जब केंद्र में भाजपा की सरकार होती है और राज्य में भी भाजपा की सरकार होती है, तो डबल इंजन की ताकत लग जाती है। डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास करती है। छत्तीसगढ़ भाजपा ने आपसे जो वादे किए हैं, जो गारंटियां दीं, वे सरकार जल्द से जल्द पूरा करके दिखाएगी। ये मोदी की गारंटी है और मोदी की गारंटी का मतलब होता है, गारंटी पूरा होने की गारंटी। मोदी आपको हर संकट से बाहर निकालना चाहता है, इसलिए कांग्रेस मोदी से भी नफरत करती है। कांग्रेस की ये नफरत इतनी बढ़ चुकी है कि वे मोदी की जाति से भी नफरत करने लगी है। बीते अनेक महीनों से कांग्रेस मोदी के बहाने पूरे ओबीसी समाज को गाली दे रही है। गाली तो गाली, डंके की चोट पर कांग्रेस ओबीसी समाज से माफी मांगने से भी इनकार कर रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में जल्द चुनाव होने जा रहे हैं।

अन्य खबरे