केदारनाथ में भारी बर्फबारी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
ब्यूरो रिपोर्ट/in24न्यूज़/रुद्रप्रयाग
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में मौसम ने अपना मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है. केदारनाथ धाम में सोमवार की सुबह से लगातार बर्फबारी जारी है. उत्तराखंड पुलिस ने चार धाम (Char Dham Yatra 2023) के लिए आये तीर्थयात्रियों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है. उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि केदारनाथ धाम में आज सुबह से ही लगातार बर्फबारी हो रही है. इसलिए तीर्थयात्रियों को चाहिए कि मौसम को देखते हुए सावधान रहें. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक ही अपनी यात्रा शुरू करें. प्रशासन ने आपातकालीन सहायता के लिए भी अलर्ट नंबर 112 जारी किया है. जानकारी के अनुसार, भारतीय मौसम विभाग ने चार दिनों तक उत्तराखंड में ओलावृष्टि और आंधी का रविवार को अलर्ट जारी किया था. इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार से अगले चार दिनों तक राज्य में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि 70 कि.मी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है. राज्य में खराब मौसम की जानकारी देते हुए जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि केदारनाथ धाम में पिछले 13 दिनों से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है. हिमपात का सिलसिला 18 अप्रैल से शुरू हुआ था, जो शनिवार रात तक जारी रहा. केदारनाथ में आज सुबह से हो रही बर्फबारी के कारण ठंड भी काफी बढ़ गई है. इससे पहले केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से हुई परेशानी के चलते देर रात चारधाम यात्रियों को पुलिस ने श्रीनगर में ही रोक दिया था. इसके साथ ही यात्रियों से आस-पास के शहरों में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. श्रीनगर में गढ़वाल पुलिस ने एनआईटी उत्तराखंड के पास और बद्रीनाथ बस स्टैंड के पास चेकिंग पॉइंट बनाए हैं, जहाँ चारधाम यात्रियों को रोका जा रहा है. पुलिस के अनुसार श्रीनगर में तीर्थयात्रियों के लिए ठहरने के पुख्ता इंतजाम हैं, यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. आपको बता दें कि 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट वैदिक विधि विधान के साथ खोले गए थे. फिलहाल केदारनाथ धाम की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए कठिन हो गया है ऐसे में प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट के बाद लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है.