जम्मू-कश्मीर में एक आतंकी ढेर तो दूसरा गिरफ्तार
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आतंकवाद का खात्मा करने के लिए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल के जवान मुस्तैदी से खड़े हैं। इसी बीच जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में शनिवार को एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल, राष्ट्रीय राइफल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने आज तड़के बडगाम में श्रीनगर-चरार-ए-शरीफ मार्ग पर मोचवा में संयुक्त रूप से घेराबंदी तथा तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा बलों के जवान जब इलाके की घेराबंदी कर रहे थे, तो वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों के जवानों ने भी गोलियां चलाई तथा मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया और उसके पास से एक एके राइफल तथा एक पिस्तौल बरामद की गई। कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दूसरा आतंकवादी मुठभेड़ वाली जगह से भाग कर एक ट्रक में छिप कर फरार होने का प्रयास कर रहा था, जिसे सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ वाली जगह से भागे हुए आतंकवादी को ख्रीव से गिरफ्तार किया गया तथा उसके पास एक पिस्तौल, एक हथगोला और कुछ हथियार तथा गोलाबारूद बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि आतंकवादी की मदद करने वाले ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि सुरक्षाबल के जवान लगातार आतंकियों के खिलाग मुहीम चला रहे हैं।